सभापति नूतन ठाकुर और छत्तीसगढ़िया सर्व समाज की मांग
कोरबा। छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक के रूप में ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठी है। नगर निगम कोरबा की सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने छत्तीसगढ़िया सर्व समाज की ओर से जिला प्रशासन और निगम प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र पहल करने का आग्रह किया है।
छत्तीसगढ़िया सर्व समाज का कहना है कि प्रदेश के विभिन्न शहरों और चौक-चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित हैं। इसी तरह कोरबा के प्रमुख चौराहे ट्रांसपोर्ट नगर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए, ताकि प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को सम्मान मिल सके।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे होने के बावजूद कोरबा के किसी प्रमुख चौक-चौराहे पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित नहीं हो पाई है। छत्तीसगढ़ महतारी विभिन्न समाजों की सांस्कृतिक एकता, समृद्धि और साझा पहचान का प्रतीक हैं।
उन्होंने जिला एवं नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया कि छत्तीसगढ़िया समुदाय की भावनाओं और सर्व समाज की मांग को ध्यान में रखते हुए ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
