बांकीमोंगरा से सुतर्रा तक सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग

कोरबा। बांकीमोंगरा से इंदिरा नगर, सिंघाली और ढेलवाडीह होते हुए सुतर्रा तक जाने वाले सड़क मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग उठी है। क्षेत्र में रात के समय अंधेरा रहने और भारी वाहनों की नियमित आवाजाही को देखते हुए वार्ड क्रमांक 13, कटाईनार-1 के पार्षद एवं राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति अश्विनी कुमार मिश्रा ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।

पार्षद ने पत्र में बताया है कि यह मार्ग आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने के साथ ही आम नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, कोल कर्मचारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इस मार्ग से कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों के अलावा एसईसीएल की सुरक्षा में लगे वाहनों का भी नियमित आवागमन होता है।

पत्र के अनुसार, शाम होते ही मार्ग पर अंधेरा छा जाता है। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। भारी वाहनों की आवाजाही के बीच कम दृश्यता के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। विशेषकर बरसात और ठंड के मौसम में अंधेरे के कारण आवागमन और जोखिमपूर्ण हो जाता है।

रात में सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरी है रोशनी
पार्षद अश्विनी कुमार मिश्रा ने कहा कि यह मार्ग कोयला परिवहन और एसईसीएल से जुड़ी गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में सड़क पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होना जरूरी है। स्ट्रीट लाइट लगने से रात के समय राहगीरों और वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी तथा सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कलेक्टर से जनहितऔर सड़कसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बांकीमोंगरा से सुतर्रा तक आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में शीघ्र पहल करने का आग्रह किया है।