कोरबा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को कोरबा जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कलेक्टोरेट सभागृह में गुजरात के एकता नगर में आयोजित ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। वहीं, पुलिस विभाग की ओर से लगाई गई हथियारों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा पुलिस अधिकारियों से हथियारों की कार्यप्रणाली और उपयोग के बारे में जानकारी प्राप्त की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित एकता परेड के सीधे प्रसारण को कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने देखा। कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, युवक-युवतियां, गणमान्य नागरिक, पत्रकार तथा पुलिस परिवार के सदस्य शामिल हुए।
राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन को जिलेभर में व्यापक स्वरूप दिया गया। इसके तहत सभी थाना, चौकी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई, जहां पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम देखा।
इस अवसर पर देशी रियासतों के एकीकरण और भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। उनके दृढ़ नेतृत्व, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे तथा अनुशासन का महत्व भी बताया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
