इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और बाबा के जन्मदिन पर 20 से अधिक युवाओं ने किया रक्तदान

युवा कांग्रेस नेता अमर जायसवाल ने बिलासा ब्लड बैंक में आयोजित किया शिविर,रक्तदाताओं को दिए  प्रशस्ति पत्र

कोरबा। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव के जन्मदिन के अवसर पर युवा कांग्रेस नेता अमर जायसवाल ने बिलासा ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में 20 से अधिक युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया।

इस अवसर पर अमर जायसवाल ने स्वयं पहल करते हुए रक्तदान किया। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी युवाओं को उनके योगदान के लिए उपहार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अमर जायसवाल ने बताया कि टीएस सिंहदेव के जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। युवाओं को अपने विशेष अवसरों को सामाजिक कार्यों से जोड़ते हुए ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने शिविर की सफलता में सहयोग के लिए बिलासा ब्लड बैंक के कर्मचारियों और सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार जताया। साथ ही टीएस सिंहदेव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की और स्वर्गीय इंदिरा गांधी को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।