कार और बाइक में भिड़ंत, तीन लोग घायल

दो बाइक सवारों की हालत गंभीर, प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर

कोरबा। कटघोरा-कोरबा मार्ग पर सलोरा के पास कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार चालक को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा की ओर से आ रही कार ने सलोरा के पास बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में घायल दोनों युवक लेमरू थाना क्षेत्र के देवपहरी निवासी बताए गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार का पंजीयन क्रमांक सीजी-12 बीडी-7199 है। उसका चालक छुरी निवासी बताया जा रहा है।

हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में एएसआई चन्द्रमणि खांडेकर, राजेन्द्र प्रताप सिंह, नीलम केरकेट्टा सहित पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस की मदद से तीनों घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बाइक सवारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

दुर्घटना के कारण कटघोरा-कोरबा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। इसके बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।