‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत सरस्वती विद्यालय में जागरूकता शिविर
कोरबा। बच्चों को सुरक्षित माहौल देने और उन्हें संभावित खतरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान के तहत ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के प्रथम चरण में सरस्वती विद्यालय में शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) कोरबा सीमा प्रताप चन्द्रा ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा, सतर्कता और सही समय पर मदद मांगने के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने बच्चों को समझाया कि सुरक्षा के मामले में किसी पर भी आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए। अनजान व्यक्ति के साथ-साथ परिचित, पड़ोसी या रिश्तेदार के व्यवहार को लेकर भी सतर्क रहना जरूरी है।
यदि कोई व्यक्ति उपहार, पैसे या किसी अन्य लालच का प्रलोभन देकर अथवा बहला-फुसलाकर अपने साथ चलने के लिए कहे, तो बच्चे उसके साथ न जाएं। किसी भी ऐसी बात या व्यवहार से असहज महसूस होने पर स्पष्ट रूप से मना करें और तुरंत अपने माता-पिता या शिक्षक को बताएं।
न्यायाधीश ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी संदिग्ध परिस्थिति को छिपाने या डरकर चुप रहने के बजाय तत्काल किसी भरोसेमंद बड़े को इसकी जानकारी देना जरूरी है। जागरूकता और सतर्कता से बच्चों को संभावित जोखिमों से बचाया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई और भविष्य निर्माण पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह देते हुए कहा कि यह उम्र शिक्षा प्राप्त करने, अपनी रुचि पहचानने और जीवन के लक्ष्य तय करने की है। बच्चों को ऐसे किसी भी कदम से बचना चाहिए, जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
