मोबाइल को लेकर घर में विवाद के बाद किशोरी की मौत,पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन को लेकर परिवार में हुए विवाद के बाद 17 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अयोध्यापुरी निवासी सानिया बानो के रूप में हुई है। घटना 31 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना की रात सानिया का अपने भाई से मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसकी मां ने फोन अपने पास रख लिया। बताया जा रहा है कि इससे नाराज होकर सानिया घर के बाथरूम में चली गई।

काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की। दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ा गया, जहां किशोरी अचेत अवस्था में मिली।

परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

दर्री थाना प्रभारी तेजस यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।