गुरसिया पुल पर ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, नदी में गिरने से बाल-बाल बची

स्कॉर्पियो में चार लोग थे सवार, दो जिंदगी बची; ब्रेक फेल होने का चालक ने दिया हवाला, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130 पर गुरसिया पुल के ऊपर सोमवार को तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल के किनारे जा पहुंची और तान नदी में गिरने से बाल-बाल बच गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में चार लोग सवार थे, जो रायपुर से इलाज कराने के बाद अंबिकापुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरसिया पुल पर सामने से आ रहे ट्रेलर से उनकी स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पुल के किनारे पहुंच गई। वाहन के नीचे गिरने की आशंका से उसमें सवार लोगों की जान पर बन आई, लेकिन वाहन पुल से नीचे गिरने से बच गया।

चालक ने बताया ब्रेक फेल होना हादसे की वजह
हादसे के बाद ट्रेलर चालक ने प्रारंभिक तौर पर वाहन का ब्रेक फेल होने की बात कही। चालक के मुताबिक ब्रेक फेल होने के कारण ट्रेलर पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से भिड़ंत हो गई। हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण क्या था, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद दोनों वाहन सड़क पर खड़े रहने से एनएच-130 पर यातायात प्रभावित हो गया। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और बांगो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में ब्रेकडाउन वाहनों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।