कोरबा। जिले में रेलवे, बिजली और निर्माण परियोजनाओं से जुड़े तकनीकी उपकरण और केबल चोरों के निशाने पर हैं। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन नई रेलवे लाइन से करीब तीन लाख रुपये कीमत का 300 मीटर OHE कॉपर केटेनरी वायर चोरी होने का मामला सामने आया है।
कंपनी के साइट इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बांकीमोंगरा थाना में अभिषेक कुमार पंडित, साइट इंजीनियर, जैन इंफ्राटेक लिमिटेड बिलासपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी गेवरा से पेंड्रा रोड तक प्रस्तावित नई रेलवे परियोजना के तहत छुराकछार से घुड़देवा के बीच रेलवे लाइन दोहरीकरण के कार्य में OHE कॉपर वायर लगाने का काम कर रही है।
शिकायत के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात 12 बजे से 31 अक्टूबर की रात 2 बजे के बीच घुड़देवा रेलवे फाटक के पास अज्ञात लोगों ने रेलवे ट्रैक पर लगा करीब 300 मीटर केटेनरी वायर काटकर चोरी कर लिया। चोरी गए तार की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
घटना के समय सुरक्षा ड्यूटी पर गिरी लाल पटेल, गुलशन कुमार, अनिश कुमार, मनीष कुमार और मुस्ताक अंसारी तैनात थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
तार और तकनीकी उपकरण चोरों के निशाने पर
रेलवे परियोजना से कॉपर वायर चोरी की यह जिले में हाल के दिनों में सामने आई अकेली घटना नहीं है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावर, बिजली विभाग परिसर, निर्माणाधीन प्लांट और अन्य स्थानों से केबल व तकनीकी उपकरण चोरी होने की शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें कॉपर वायर, बिजली केबल, मशीनें और अन्य उपकरण शामिल हैं।
इन घटनाओं में चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ ही उसे खरीदने और खपाने वाले संभावित नेटवर्क की जांच भी अहम है। हालांकि, उपलब्ध मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। चोरी का सामान खरीदने वाले किसी कबाड़ी या अन्य व्यक्ति का नाम इन शिकायतों में सामने नहीं आया है।
टावर से तीन TRX यूनिट चोरी
उरगा थाना क्षेत्र के भैंसमा साइट स्थित अल्टियस आइडिया मोबाइल टावर से 27 अक्टूबर की रात तीन TRX यूनिट चोरी होने की शिकायत सूरज टोगोर ने दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
बिजली विभाग परिसर से CTPT मीटरिंग यूनिट गायब
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के कोरबा उपसंभाग परिसर से 26 अक्टूबर की रात CTPT मीटरिंग यूनिट चोरी होने की शिकायत सहायक अभियंता ने दर्ज कराई है। चोरी गए उपकरण की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में भी अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गौशाला से 30 मीटर बोरवेल केबल चोरी
उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल स्थित जय मां भवानी सेवा समिति की गौशाला से करीब 30 मीटर लंबी 6 एमएम बोरवेल केबल चोरी होने का मामला भी सामने आया है। रामायण कुर्रे की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। चोरी गई केबल की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
निर्माणाधीन BHEL कार्यालय से चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
दर्री थाना क्षेत्र में सीएसईबी के 1320 मेगावाट संयंत्र परिसर स्थित निर्माणाधीन BHEL कार्यालय के पास से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल, चपसा मशीन, प्लाई कटर, वाइब्रेटर मशीन और टूलकिट सहित करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया था।
जांच के बाद रोहित शुक्ला और संदीप भोई को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
