सेमरहा में बदहाल रास्ते से अस्पताल पहुंचने में ग्रामीण परेशान, खेत में प्रसव के दौरान नवजात की मौत; दो साल से मरम्मत का इंतजार
कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत बनिया के आश्रित ग्राम सेमरहा में टूटी पुलिया और बदहाल रास्ता ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बना हुआ है।
हालात ऐसे हैं कि गांव तक एंबुलेंस की पहुंच मुश्किल हो गई है। गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को खाट का सहारा लेना पड़ रहा है। हाल ही में एक गर्भवती महिला को एंबुलेंस तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को खाट के सहारे ले जाना पड़ा। इसी दौरान खेत में प्रसव हुआ और ग्रामीणों के अनुसार नवजात की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने गांव में पहुंची मीडिया टीम से चर्चा के दौरान अपनी समस्याएं बताईं। ग्रामीणों के मुताबिक वर्ष 2024 में नाले पर पुलिया का निर्माण कराया गया था। इससे गांव तक आवागमन सुगम होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद जुलाई 2024 में पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि करीब दो वर्ष बीत जाने के बाद भी पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई है।
चार किलोमीटर दूर खड़ी रही एंबुलेंस
ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ी। लेकिन गांव तक सड़क और पुलिया की स्थिति खराब होने के कारण एंबुलेंस करीब चार किलोमीटर दूर मार्ग पर खड़ी रही।
महिला को वहां तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने खाट का सहारा लिया। इसी दौरान खेत में ही प्रसव हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक नवजात ने एंबुलेंस तक पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
बच्चों की आवाजाही भी प्रभावित
पुलिया टूटने के कारण ग्रामीणों के साथ आंगनबाड़ी और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में पुलिया के टूटे हिस्से और पाइप नाले में पड़े हुए हैं। ग्रामीणों को नाले से होकर अस्थायी रास्ता बनाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
निर्माण की गुणवत्ता पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों ने पुलिया के निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पानी की निकासी के लिए पाइप और साइड वॉल की व्यवस्था उचित तरीके से नहीं की गई थी, जिसके कारण निर्माण के कुछ समय बाद ही पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सेमरहा की टूटी पुलिया का जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए और गांव तक ऐसा सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जाए, जिससे आपात स्थिति में एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक वाहन गांव तक पहुंच सकें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















