रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ पर बाइक सवार को ट्रेलर ने मारी टक्कर, पेट्रोल पंप के पास दो ट्रेलर भिड़े; रातभर जाम से लोग परेशान
कोरबा। मुड़ापार मुख्य मार्ग पर एक ही रात में हुए दो सड़क हादसों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ पर तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास दो ट्रेलर आपस में भिड़ गए। दूसरे हादसे के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े रहने से रात से सुबह तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे स्कूली बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, पहला हादसा रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ पर हुआ। यहां तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
दूसरी घटना मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों चालकों के बीच विवाद हुआ और मारपीट की नौबत आ गई। हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों ट्रेलर सड़क पर ही खड़े रहे, जिसके कारण यातायात बाधित हो गया। रातभर और सुबह तक जाम की स्थिति बनी रहने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नो-एंट्री में भी भारी वाहनों के प्रवेश का आरोप
लगातार हो रही दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं को लेकर स्थानीय पार्षद गोपाल कुर्रे ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग कई बार की जा चुकी है और इस संबंध में पत्राचार भी किया गया है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पार्षद का आरोप है कि नो-एंट्री के दौरान भी भारी वाहन मार्ग में प्रवेश कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्या की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
