रेलवे स्टेशन में दिव्यांगों के लिए अलग पार्किंग की मांग

दिव्यांग शासकीय अधिकारी-कर्मचारी संघ ने सांसद ज्योत्सना महंत को सौंपा ज्ञापन

कोरबा। कोरबा के मॉडल रेलवे स्टेशन में दिव्यांग यात्रियों एवं कर्मियों के लिए अलग और आरक्षित पार्किंग स्थल उपलब्ध कराने की मांग उठी है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ दिव्यांग शासकीय अधिकारी-कर्मचारी संघ ने सांसद ज्योत्सना महंत को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।

संगठन ने सांसद को दिए पत्र में बताया कि कोरबा से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री रेल सफर करते हैं। इनमें दिव्यांगजन भी शामिल हैं। वर्तमान में रेलवे स्टेशन परिसर में दिव्यांगजनों के लिए समुचित एवं आरक्षित पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें अपने वाहन खड़े करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पहले भी रेलवे अधिकारियों से की गई थी मांग
संघ के अनुसार दिव्यांगजनों के लिए अलग पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में 15 सितंबर 2025 को डीआरएम एवं वाणिज्य प्रबंधक को आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इसके बाद संगठन ने एक बार फिर सांसद का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष मामला रखने का आग्रह
दिव्यांग शासकीय अधिकारी-कर्मचारी संघ ने सांसद ज्योत्सना महंत से आग्रह किया है कि वे इस विषय को रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाकर कोरबा रेलवे स्टेशन पर दिव्यांगजनों के लिए अलग एवं सुविधाजनक पार्किंग स्थल की व्यवस्था कराने की पहल करें। संगठन का कहना है कि इससे दिव्यांग यात्रियों को स्टेशन पहुंचने और अपने वाहनों को सुरक्षित तरीके से खड़ा करने में सुविधा मिलेगी।