खस्ताहाल सड़कों को जल्द संवारने पर जोर, कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण, तत्काल मरम्मत और बेहतर डायवर्सन व्यवस्था के निर्देश

कोरबा। बारिश के कारण खराब हुई सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों पर लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब मौके पर पहुंचकर स्थिति सुधारने पर जोर दिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के साथ विभिन्न सड़क मार्गों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत के साथ आवागमन सुचारू रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान बारिश के कारण प्रभावित हिस्सों की स्थिति देखी गई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की जानकारी ली।

निर्माण पूरा होने तक नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता में रखी जाए। जहां सड़क खराब हुई है, वहां तत्काल आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही बाधित न हो और लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।

ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक करीब 5.74 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। एजेंसियां निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करें।

पुल और गड्ढों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी जायजा लिया। पुल पर सड़क की स्थिति और आवश्यक मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द सुधार कराने के निर्देश दिए गए।

सेतु लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रिसदा- बेलगिरी पुल पर आवागमन सुचारू बनाए रखने तथा पुल के आसपास बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने कहा गया।

बजरंग चौक पर बेहतर डायवर्सन की व्यवस्था
बजरंग चौक एवं परसाभाठा क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए बेहतर डायवर्सन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का फोकस निर्माण कार्य के साथ-साथ लोगों की आवाजाही को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने पर है।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल,लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जीआर जांगड़े, परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या, एसडीओ राकेश द्विवेदी सहित नगर निगम, सेतु लोक निर्माण विभाग एवं बालको के अधिकारी उपस्थित रहे।