1.73 करोड़ के 10 विकास कार्यों का मंत्री देवांगन ने किया भूमिपूजन

पंडित रविशंकर शुक्ल नगर और दादर चौक में नाली, सड़क, कलवर्ट सहित सामुदायिक भवन का होगा निर्माण

कोरबा।कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने पंडित रविशंकर शुक्ल नगर एवं दादर चौक में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 1 करोड़ 73 लाख 35 हजार रुपये की लागत के 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में नाली निर्माण, सीसी रोड, आरसीसी शेड, कलवर्ट और सामुदायिक भवन के ऊपरी तल का निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से मुख्य सड़क, आंतरिक सड़कों और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर मांग की जा रही थी। अब इन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के सभी 67 वार्डों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और शहर के हर वार्ड तक पहुंचे। बीते तीन वर्षों में शहर के 60 से अधिक समाजों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप भी विकास कार्य कराए गए हैं।

वार्डों की छोटी समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता : महापौर
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। बड़े सड़क प्रोजेक्ट के साथ ही वार्डों की छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्रीमती चंद्रकली जायसवाल, राजपूत क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष अवधेश सिंह, पार्षद श्रीमती वर्षा वैष्णव, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, प्रताप सिंह कंवर, अब्दुल रहमान, श्रीमती सुनीता चौहान, नारायण कुर्रे, चंद्रमा सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, दिनेश वैष्णव, श्रीमती सुधा झा, एल्डरमैन दीपक यादव, दीनू महाराज, श्रीमती शैली राय, श्रीधर द्विवेदी और दुष्यंत तिवारी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।