सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला
कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कोरबा उपसंभाग कार्यालय परिसर से सीटीपीटी मीटरिंग यूनिट चोरी होने का मामला सामने आया है। विभाग की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गई यूनिट की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
बिजली विभाग के सहायक अभियंता (उपसंभाग) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कार्यालय परिसर में रखी एक सीटीपीटी सेट मीटरिंग यूनिट को 26 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे तक देखा गया था। अगले दिन 27 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे जांच करने पर यूनिट अपने स्थान से गायब मिली। विभाग को आशंका है कि 26 अक्टूबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसे चोरी कर लिया।
विभाग ने चोरी गई यूनिट का तकनीकी विवरण भी पुलिस को सौंपा है। इसका मेक इंस्ट्रूमेंट ट्रांसफॉर्मर्स, इंदौर (मध्यप्रदेश), सीरियल नंबर 51904, सीटी अनुपात 10/5 और निर्माण वर्ष 2026 बताया गया है। पुलिस ने सुमंत कुमार निराला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर यूनिट की तलाश और आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
क्या है सीटीपीटी मीटरिंग यूनिट?
सीटीपीटी (करंट ट्रांसफॉर्मर-पोटेंशियल ट्रांसफॉर्मर) मीटरिंग यूनिट का उपयोग उच्च क्षमता वाली विद्युत आपूर्ति में करंट और वोल्टेज को मापने के लिए किया जाता है। यह इनके स्तर को मीटर के लिए उपयुक्त अनुपात में परिवर्तित करती है। इसके जरिए बिजली की खपत की रीडिंग, बिलिंग और ऊर्जा लेखा-जोखा तैयार करने में मदद मिलती है। यूनिट चोरी होने से संबंधित मीटरिंग व्यवस्था और तकनीकी निगरानी प्रभावित हो सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
