जिले के किसी भी मार्ग पर नहीं रहना चाहिए ब्लैक स्पॉट

सड़क हादसों में कमी लाने कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय जल्द पूरे करने पर जोर

कोरबा। जिले के नेशनल हाईवे सहित किसी भी मार्ग पर ऐसे ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थान नहीं होने चाहिए, जहां बार-बार हादसे हों और जनधन की हानि हो। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिला प्रशासन ने अब सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया है। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने संबंधित विभागों को हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसों में मृत्यु के मामलों के संभावित कारणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने कहा गया।

एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर कलेक्टर नाराज
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए विभागीय प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने एनएचएआई को राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसे रोकने के लिए दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कटघोरा-अंबिकापुर राजमार्ग के चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट, तीव्र मोड़ों, घाट एवं अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर, क्रैश बैरियर और स्पीडोमीटर लगाने की कार्रवाई जल्द पूरी करने कहा। साथ ही क्षतिग्रस्त एवं निम्न गुणवत्ता वाले रोड शोल्डर की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

संकेतक और सुरक्षा उपकरण बढ़ाने पर जोर
कलेक्टर ने आवश्यक स्थानों पर रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, कैट्स आई, डेलिनेटर और सोलर लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए अन्य प्रभावी उपाय भी लागू करने के निर्देश दिए गए।

लंबित कार्यों पर लोक निर्माण विभाग को फटकार
भैंसमा स्कूल से सक्ती मोड़, बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग, दीपका-झाबर रोड और दीपका थाना चौक सहित अन्य स्थानों पर सड़क निर्माण, जंक्शन सुधार, रंबल स्ट्रिप एवं संकेतक बोर्ड लगाने जैसे सौंपे गए कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाकर सड़क सुरक्षा के सभी उपाय समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय,एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे,ओएसडी तरुण कुमार किरण,अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।