साइबर ठगी से बचना है तो संपूर्ण साक्षरता का संकल्प जरूरी

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम में बोले कैबिनेट मंत्री देवांगन, 27 सितंबर को होगी साक्षरता की महापरीक्षा

कोरबा। औद्योगिक जिले को पूर्ण साक्षर बनाने की दिशा में 27 सितंबर का दिन महत्वपूर्ण होने जा रहा है। इस दिन जिले में साक्षरता की महापरीक्षा आयोजित की जाएगी।

इसकी तैयारियों के बीच अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जिला साक्षरता विभाग द्वारा उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने संपूर्ण साक्षरता को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

साक्षर बनें, सशक्त बनें’ थीम पर आयोजन
‘साक्षर बनें, सशक्त बनें’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के निरक्षर वयस्कों को साक्षर बनाने के साथ उनमें जागरूकता, आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति समझ विकसित करना रहा। कैबिनेट मंत्री देवांगन ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति का साक्षर होना बेहद जरूरी है। साक्षरता से व्यक्ति बैंकिंग लेन-देन, शासकीय योजनाओं और विभिन्न प्रकार की सूचनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकता है।

उन्होंने कहा कि जागरूक और साक्षर व्यक्ति ठगी एवं धोखाधड़ी का शिकार होने से काफी हद तक बच सकता है। डिजिटल दौर में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए डिजिटल साक्षरता भी जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 27 सितंबर की महापरीक्षा के बाद कोरबा पूर्ण साक्षर जिला बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करेगा। इसके लिए सभी लोगों को वातावरण निर्माण के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी।

साक्षरता से दूर होगी रूढ़िवादिता : प्रेमचंद पटेल
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि साक्षरता से व्यक्ति में जागरूकता आती है और रूढ़िवादिता दूर होती है। डिजिटल युग में डिजिटल साक्षरता का महत्व और बढ़ गया है। किसान, व्यापारी, पशुपालक सहित विभिन्न वर्गों के लोग जितने अधिक साक्षर होंगे, वे अपने क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं का उतना ही बेहतर लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने महिलाओं की साक्षरता दर बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा और साक्षरता की दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने कहा कि साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का साक्षर और जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने साक्षरता अभियान को साइबर जागरूकता से जोड़कर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से जिले में निरक्षर वयस्कों को साक्षर बनाने की पहल लगातार संचालित की जा रही है। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान साक्षरता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डीएलओ ज्योति शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय, डीएमसी वल्लभ वैष्णव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।