नशे के खिलाफ अभियान तेज, शिक्षण संस्थानों के 100 गज दायरे में तंबाकू बिक्री पर होगी कार्रवाई

एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश, नशामुक्ति जागरूकता के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी गतिविधियां

कोरबा। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में नशे की रोकथाम, जन जागरूकता और तंबाकू नियंत्रण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत के सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू बिक्री पर सख्ती
कलेक्टर ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त संस्थान बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल-कॉलेजों के आसपास नियमित निगरानी और जागरूकता गतिविधियां संचालित करने कहा।

गांवों में चलेगा व्यापक नशामुक्ति जागरूकता अभियान
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रमों में भारत वाहिनी की इकाइयों को सक्रिय रूप से शामिल करने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों तक नशे के दुष्परिणामों की जानकारी पहुंचाने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

नशामुक्ति केंद्र की क्षमता के अनुरूप हो संचालन
बैठक में जिले में संचालित नशामुक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने केंद्र का निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

रेस्टोरेंट और स्ट्रीट वेंडर्स की होगी कार्यशाला
कलेक्टर ने रेस्टोरेंट एवं स्ट्रीट वेंडर्स संचालकों के लिए कार्यशाला आयोजित कर उन्हें स्वच्छता संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी विभागों को नियमित जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति अभियान में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने कहा।