जिले से बाहर खपाने की तैयारी में था कबाड़, सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर पकड़े वाहन; चोरी के माल की आशंका में जांच शुरू
कोरबा। जिले में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। बालको, उरगा और मानिकपुर के बाद अब सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कबाड़ लदे तीन वाहनों को जब्त किया है। जिला पुलिस कंट्रोल रूम को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोतवाली क्षेत्र के एक स्थान पर दबिश देकर तीनों वाहनों को पकड़ा। वाहनों को कबाड़ सहित कोतवाली लाया गया है और कबाड़ के स्रोत तथा वाहन मालिकों के संबंध में जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार तीनों वाहनों में कबाड़ लादकर उसे जिले से बाहर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। कार्रवाई के बाद तीनों वाहनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत दर्ज प्रकरण में जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त कबाड़ चोरी का है अथवा वैध रूप से खरीदा गया है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि धारा 106 BNSS के तहत प्रकरण दर्ज कर कबाड़ के संबंध में आवश्यक जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
पुट्ठे की आड़ में कबाड़ ले जाने की तैयारी

हाल ही में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी परमेश्वर राठौर ने भी सूचना के आधार पर कार्रवाई की थी। मुड़ापार बायपास मार्ग स्थित दुकान के सामने अनीश मेमन, निवासी पुरानी बस्ती कोरबा, को छोटे मालवाहन के साथ पकड़ा गया था। पुलिस के मुताबिक वाहन में पुट्ठे और गत्तों की आड़ में लोहे का कबाड़ भरकर ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
बालको में टावर गिराकर तार चोरी, दो गिरफ्तार
बालको नगर पुलिस ने विद्युत टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर की चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार इस वारदात से विद्युत विभाग की शासकीय संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था।

थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी के नेतृत्व में एएसआई अजय सिंह और टीम ने गगन टंडन, पिता महावीर टंडन, उम्र 25 वर्ष तथा वासु साण्डे उर्फ चिंटू, पिता मोहनलाल, उम्र 18 वर्ष 8 माह, दोनों निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा, थाना बालको नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद करने का दावा किया है।
उरगा में चोरी का तार कबाड़ी को बेचा, कबाड़ी फरार
उरगा थाना क्षेत्र में मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड में खुले स्थान पर रखे 220 केवी विद्युत लाइन के एल्युमिनियम केबल चोरी के मामले में पुलिस ने राकेश पटेल, निवासी भिलाई खुर्द को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी एसआई नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा।


पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर यार्ड से एल्युमिनियम केबल चोरी करना स्वीकार किया। चोरी का केबल बाद में कबाड़ी को बेच दिया गया था।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल CG 12 BT 7571, ट्रैक्टर CG 12 BB 0653 तथा करीब एक टन चोरी का तार बरामद कर जब्त किया गया। मामले में संबंधित कबाड़ी के फरार होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
कबाड़ कारोबार में गुटबाजी की भी चर्चा
जिले में कबाड़ कारोबार को लेकर तीन से चार गुट सक्रिय होने की चर्चा है। शहर के साथ उपनगरीय क्षेत्रों तथा खदान और औद्योगिक क्षेत्रों में इनकी गतिविधियां समय-समय पर सामने आती रही हैं। मौजूदा परिस्थितियों में इन गुटों के बीच आपसी प्रतिस्पर्धा और विवाद बढ़ने की भी चर्चा है।
बताया जा रहा है कि कबाड़ कारोबार में वर्चस्व और अपना नेटवर्क मजबूत करने की होड़ के कारण एक-दूसरे के खिलाफ मुखबिरी बढ़ी है। इसी वजह से अवैध कबाड़ की सूचनाएं सीधे पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंचने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इन दावों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।
लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती चोरी के माल और वैध कबाड़ के बीच अंतर स्पष्ट करने के साथ-साथ अवैध कबाड़ कारोबार के पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















