‘कबाड़ से जुगाड़’ से 100 से अधिक टीएलएम तैयार कर बच्चों की पढ़ाई को बनाया रोचक, नवाचार और सामाजिक सरोकारों को मिली पहचान
कोरबा। शिक्षा में नवाचार, रचनात्मकता और समर्पण के लिए कोरबा जिले की शिक्षिका नंदिनी राजपूत का चयन राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए हुआ है।
शासकीय प्राथमिक शाला नानपुलाली, संकुल केराझरिया, विकासखंड पाली में पदस्थ नंदिनी राजपूत को शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से जिले के शिक्षक समुदाय में हर्ष का माहौल है।
‘कबाड़ से जुगाड़’ से बनाए 100 से अधिक टीएलएम
शिक्षिका नंदिनी राजपूत ने शिक्षण को बच्चों के लिए सरल, सहज और रुचिकर बनाने के लिए विभिन्न नवाचारों को अपनाया। उन्होंने ‘कबाड़ से जुगाड़’ के तहत अनुपयोगी सामग्री का उपयोग कर 100 से अधिक टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) तैयार किए। इसके अलावा कक्षा-कक्ष को आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए जमीन पर शैक्षिक पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से सजावटी सामग्री और खिलौने भी तैयार किए।
इन प्रयासों से बच्चों को खेल-खेल में सीखने और विषयों को आसानी से समझने का अवसर मिला। उनके शिक्षण नवाचारों को विभिन्न शैक्षणिक मंचों पर भी स्थान मिला है।
15 से अधिक सम्मान से हो चुकी हैं सम्मानित
नंदिनी राजपूत को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण-2023, जिला स्तरीय कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता-2023 में प्रथम स्थान, छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड-2019, छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान, राष्ट्रीय शिक्षा गौरव सम्मान, इन्नोवेटिव टीचर अवार्ड-2024, वुमनिया सम्मान-2024 तथा स्वर्गीय हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान सहित 15 से अधिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा उन्हें 100 से अधिक ऑनलाइन प्रमाण-पत्र भी मिल चुके हैं।
शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय
नंदिनी राजपूत ने बच्चों की शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी अपने कार्य का हिस्सा बनाया है।
मुख्यमंत्री अलंकरण से प्राप्त 5 हजार रुपये की राशि से उन्होंने बच्चों के लिए स्टेशनरी और दो कुर्सियां दान की थीं। वर्ष 2013 से अपने जन्मदिन और वर्ष 2018 से अपने पुत्र आदेश सिंह राजपूत के जन्मदिन पर वे बच्चों को स्टेशनरी, टाई-बेल्ट सहित अन्य सामग्री वितरित करती आ रही हैं।
उन्होंने नेत्रदान का संकल्प लेने के साथ गरीब एवं असहाय लोगों की मदद, पॉलीथीन बहिष्कार रैली, स्वच्छता अभियान तथा त्योहारों पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से सामाजिक जागरूकता में भी सहभागिता निभाई है।
शैक्षणिक नवाचारों को मिला व्यापक मंच
उनके नवाचारों और रचनात्मक कार्यों को सीजी स्कूल के ‘हमारे नायक’, राज्य स्तरीय खिलौना निर्माण बुक, शिक्षक संदर्शिका, किलोल पत्रिका, टीवी चर्चा पत्र, शिक्षा के गौठ तथा डाइट कोरबा की ‘प्रकाश पुंज’ में स्थान मिल चुका है। शिक्षा सचिव डॉ. आलोक शुक्ला द्वारा ‘नंदिनी के नवाचार से पुस्तक का निर्माण’ को विभागीय वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया है।
उनकी तीन रचनाएं ‘मोर अंगना के शोर’ पुस्तक में शामिल हैं, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला है। कोरोना काल में उन्होंने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कक्षाओं के संचालन के साथ मास्टर ट्रेनर के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। गांव-गांव जाकर पालकों से संपर्क करने और यूट्यूब वीडियो के माध्यम से बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।
शिक्षक समुदाय ने जताई खुशी
नंदिनी राजपूत के राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयन पर जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय, डाइट प्राचार्य रामहरी शराफ, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुंदेश गोभिल,सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनिराम मरकाम,विकासखंड स्रोत समन्वयक रामगोपाल जायसवाल,जिला अध्यक्ष मनोज चौबे, जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप जायसवाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शाला परिवार एवं संकुल-विकासखंड के शिक्षकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















