रेडक्रॉस सोसायटी को मिली ब्लड डोनेशन वैन, ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगा रक्त संग्रह

सिल्वर जुबली वर्ष में कलेक्टर के प्रयास से मिली सुविधा, पदाधिकारियों ने जताया आभार

कोरबा।भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा के सिल्वर जुबली वर्ष में रक्तदान और रक्त संग्रहण की सुविधा को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। जिला प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर के सतत प्रयासों से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी को ब्लड डोनेशन वैन उपलब्ध कराई गई है। वैन के कोरबा पहुंचने पर सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर के प्रति आभार जताया।

ब्लड डोनेशन वैन के आगमन पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी प्रबंध समिति के चेयरमैन राम सिंह अग्रवाल, वाइस चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया, सदस्य रोहित कश्यप, संतोष सिंह, रेशम, डॉ. पुष्पेंद्र कुमार एवं श्यामलाल जायसवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सदस्यों ने वैन की चाबी प्राप्त कर इस सुविधा के लिए कलेक्टर का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों के बीच मिठाई का वितरण भी किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में रक्त संग्रह को मिलेगा विस्तार
ब्लड डोनेशन वैन के माध्यम से अब ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी रक्तदान शिविर आयोजित करना आसान होगा।

सोसायटी को उम्मीद है कि मोबाइल सुविधा उपलब्ध होने से ऐसे क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ेगी, जहां रक्तदान शिविर आयोजित करने में संसाधनों की कमी सामने आती रही है। इससे रक्त संग्रहण में वृद्धि होने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी ने इस पहल को अपने सिल्वर जुबली वर्ष में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए आने वाले समय में वैन का अधिकतम उपयोग कर रक्तदान अभियान को व्यापक बनाने की दिशा में कार्य करने की बात कही है।