बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रतनपुर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। हादसे में बिहार निवासी ट्रांसपोर्टर शैलेश रंजन की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पूरी रात जागकर ट्रक में माल लोड कराने के बाद वे कार से ट्रक के पीछे निकले थे। आशंका जताई जा रही है कि थकान के कारण रास्ते में झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, शैलेश रंजन सुबह करीब 9 बजे रतनपुर के ग्राम नेवसा स्थित ऋषि फ्यूल स्टेशन के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शैलेश के सीने में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
भतीजे के फोन पर मिली हादसे की सूचना
मुंबई के अंधेरी वेस्ट निवासी मृतक के भतीजे आयुष हरीश सिन्हा ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 9:28 बजे उसने अपने चाचा शैलेश रंजन के मोबाइल पर फोन किया था।
फोन किसी अनजान व्यक्ति ने उठाया और बताया कि नेवसा के पास कार खंभे से टकरा गई है तथा चालक की मौत हो चुकी है।
सूचना मिलते ही परिजन रतनपुर पहुंचे। मरच्यूरी में उन्होंने शव की पहचान की। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
