सुबह पहुंची जांच टीम ने की कार्रवाई, छापे की वजह और बरामद दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
कोरबा। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की टीम ने शुक्रवार सुबह कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और होमगार्ड कर्मी दीपक केंवट के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई किन मामलों के संबंध में की गई और जांच टीम को मौके से क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। स्थानीय पुलिस को भी कार्रवाई की सूचना काफी देर बाद मिलने की बात कही जा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने मीडिया को बताया कि वे निजी कार्य से रायपुर में हैं।उन्हें भी छापे की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। कटघोरा लौटने के बाद ही वे इस संबंध में कुछ कह सकेंगे।
जांच टीम की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
हालांकि, EOW ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों ठिकानों पर किस प्रकरण के तहत तलाशी ली गई और कार्रवाई का आधार क्या है। टीम की ओर से बरामदगी या जांच के निष्कर्षों को लेकर भी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
DMF और कोयला लेवी मामलों के बीच कार्रवाई से बढ़ी चर्चा
छत्तीसगढ़ में कोयला लेवी और जिला खनिज न्यास (DMF) से जुड़े मामलों में पहले से ही जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं। इन प्रकरणों में प्रदेश के कई अधिकारियों और अन्य लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। ऐसे में कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष और होमगार्ड कर्मी के ठिकानों पर हुई ताजा कार्रवाई को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
हालांकि, इस कार्रवाई का DMF या कोयला लेवी प्रकरणों से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल कार्रवाई के वास्तविक कारण, जांच के दायरे और टीम को मिले दस्तावेजों के बारे में EOW की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
