1 नवंबर को होगा स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार, बच्चों का होगा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

रवि पुष्य नक्षत्र के अवसर पर आयोजित होगा आयुर्वेदिक कार्यक्रम, अभिभावकों को आहार-विहार और योग-प्राणायाम की भी मिलेगी जानकारी

कोरबा। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समुचित विकास को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 1 नवंबर, रविवार को कोरबा में स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के अंतर्गत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन रवि पुष्य नक्षत्र के अवसर पर किया जा रहा है।

नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10 एवं 11 में होगा। आयोजकों के अनुसार, इसमें जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन की आयुर्वेदिक ड्रॉप्स दी जाएंगी। इसके साथ ही बच्चों का निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास से जुड़े विषयों पर अभिभावकों को जानकारी दी जाएगी। बच्चों की उम्र के अनुरूप उपयोगी आहार-विहार, दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। साथ ही बच्चों के लिए उपयोगी योग एवं प्राणायाम का निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि बच्चों को अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने के लिए स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार हेतु पहले से समय निर्धारित कराया जा सकता है। इच्छुक अभिभावक मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर पंजीयन एवं समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।