एसआईआर की कथित खामियों से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित, लोकतंत्र को खतरा : नवज्योति पटनायक

कांग्रेस आब्जर्वर ने कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मीडिया से की चर्चा,1 नवंबर को दिल्ली में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली

कोरबा। कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं कोरबा जिले के लिए नियुक्त आब्जर्वर नवज्योति पटनायक ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसकी खामियों के कारण पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत 1 नवंबर को नई दिल्ली में पार्टी की बड़ी रैली प्रस्तावित है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के विशेष अभियान के तहत नवज्योति पटनायक को कोरबा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुरुवार को उनके कोरबा पहुंचने पर स्थानीय कांग्रेस संगठन की ओर से स्वागत किया गया।

इसके बाद उन्होंने कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। संगठनात्मक गतिविधियों तथा अभियान की तैयारियों पर चर्चा के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की।

पटनायक ने कहा कि जनता के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के मत की सुरक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया में गंभीर खामियां हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं।

प्रभावित मतदाता अपने नाम दोबारा जुड़वाने के लिए परेशान हो रहे हैं। कांग्रेस ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को विभिन्न स्तरों पर अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने के कारण पार्टी को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ अभियान में जुटे हैं। यह व्यापक जनहित से जुड़ा मुद्दा है और पार्टी दीपावली के बाद भी इस लड़ाई को जारी रखेगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह-प्रभारी श्रीमती जरिता लेतफ्लॉन्ग, पूर्व मंत्री उमेश पटेल, पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, विजय केशरवानी, हरीश परसाई, मनोज चौहान, मुकेश राठौर, कृपाराम साहू, रवि चंदेल सहित शहर एवं जिला कांग्रेस के अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।