31 अक्टूबर को मनेगी सरदार पटेल की 151वीं जयंती

कोरबा। देश की एकता और अखंडता के शिल्पकार तथा भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर 31 अक्टूबर को कोरबा में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। कुर्मी समाज के तत्वावधान में कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे तुलसी नगर चौक के समीप, पंप हाउस रोड पर होगा। इस दौरान लौह पुरुष के राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

समाज की ओर से आयोजित इस समारोह का उद्देश्य सरदार पटेल के विचारों, आदर्शों और राष्ट्रहित के प्रति उनके समर्पण को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही समाज में एकता, आपसी सद्भाव, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

सरदार पटेल ने देश की स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जीवन दृढ़ संकल्प, संगठन शक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रीय एकता के लिए प्रासंगिक हैं।

समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, जयंती समारोह को सादगी और गरिमा के साथ आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। समिति अध्यक्ष आरके वर्मा ने समाज के लोगों सहित शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।