फ्रेंडशिप पीक पर तिरंगा फहराकर हरीश पोर्ते ने बढ़ाया कोरबा का मान

कोरबा। पाली विकासखंड के ग्राम लोहड़िया निवासी पर्वतारोही हरीश कुमार पोर्ते ने हिमालय की चुनौतीपूर्ण फ्रेंडशिप पीक पर पहुंचकर तिरंगा फहराया है। मनाली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान के एडवांस्ड माउंटेनियरिंग कोर्स के तहत उन्होंने 28 अक्टूबर को यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता ने कोरबा और छत्तीसगढ़ को पर्वतारोहण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है।

इस एडवांस्ड कोर्स में कुल 31 प्रशिक्षु शामिल हैं। इनमें सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 22 जवान, केरल पुलिस के पांच जवान और चार नागरिक प्रतिभागी हैं। चार नागरिकों में तीन हिमाचल प्रदेश और एक छत्तीसगढ़ से हैं। कठिन प्रशिक्षण, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच फ्रेंडशिप पीक तक पहुंचना हरीश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

अब किलिमंजारो और माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराने की तैयारी
फ्रेंडशिप पीक पर सफलता के बाद हरीश ने अपने अगले पर्वतारोहण अभियानों की तैयारी शुरू करने का लक्ष्य रखा है। वे अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो और यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराना चाहते हैं। उनका प्रयास अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण के क्षेत्र में भारत और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना है।

हरीश ने अपनी इस उपलब्धि के लिए कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत के प्रति आभार व्यक्त किया।