कुचैना स्थित ऐतिहासिक-पौराणिक लोकमान्यता से जुड़े स्थल को नुकसान पहुंचने की आशंका; ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति ने निष्पक्ष जांच और सीमांकन की मांग की
कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र के ग्राम कुचेना स्थित लक्ष्मण नाला के आसपास चल रहे सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों को लेकर विवाद सामने आया है। ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति ने आशंका जताई है कि निर्माण कार्यों से नाले की प्राकृतिक संरचना, जल प्रवाह और उससे जुड़ी स्थानीय ऐतिहासिक-पौराणिक पहचान प्रभावित हो सकती है।
समिति के अध्यक्ष सपुरन कुलदीप ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच पूरी होने तक निर्माण कार्यों पर रोक लगाने और स्थल के संरक्षण की मांग की है।
समिति के अनुसार, लक्ष्मण नाला स्थानीय ग्रामीणों की ऐतिहासिक, पौराणिक और सांस्कृतिक मान्यताओं से जुड़ा है। ग्रामीणों के बीच प्रचलित लोकमान्यता के मुताबिक, इस स्थान का संबंध भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी के वनवास काल से माना जाता है। यहां मौजूद एक बड़े पत्थर की आकृति को भी लक्ष्मण जी द्वारा ईंट काटे जाने की मान्यता से जोड़कर देखा जाता है। यह स्थल लंबे समय से ग्रामीणों की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा रहा है।

निजी कंपनी के निर्माण से नुकसान की आशंका
समिति अध्यक्ष सपुरन कुलदीप ने बताया कि क्षेत्र में किसानों की निजी भूमि खरीदकर कोयला डिस्पैच के लिए स्टॉक और सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। समिति को आशंका है कि इस निर्माण से लक्ष्मण नाला की प्राकृतिक संरचना और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी निजी कंपनी की व्यावसायिक सुविधा के लिए सड़क बनाई जा रही है,तो उसकी आवश्यकता, स्वीकृति, जनहित और स्थानीय धरोहर पर पड़ने वाले प्रभाव की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही किसानों से खरीदी गई भूमि, उसके मूल्य और निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
विकास के साथ धरोहर का संरक्षण जरूरी

कुलदीप ने कहा कि समिति विकास कार्यों के विरोध में नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर किसी प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।
लक्ष्मण नाला केवल जल निकासी का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीणों की लोकस्मृति और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा स्थल है। ऐसी धरोहर को क्षति पहुंचने पर उसकी भरपाई संभव नहीं होगी।
समिति ने रखीं ये मांगें
समिति ने जिला प्रशासन से मांग की है कि:
जांच पूरी होने तक लक्ष्मण नाला के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों पर रोक लगाई जाए।
राजस्व विभाग, ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम बनाकर स्थल का निरीक्षण एवं सीमांकन कराया जाए।
नाले की प्राकृतिक संरचना, जल प्रवाह और स्थानीय ऐतिहासिक-पौराणिक मान्यताओं का दस्तावेजीकरण किया जाए।
किसानों से खरीदी गई भूमि, उसके मूल्य और सड़क निर्माण की आवश्यकता की जांच हो।
निर्माण की स्वीकृति, नक्शे और वैधानिक अनुमतियों से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल की जाए।
लक्ष्मण नाला के संरक्षण के लिए योजना बनाई जाए और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक सड़क मार्ग पर विचार किया जाए।
जांच और कार्रवाई की जानकारी ग्रामवासियों एवं समिति को लिखित रूप में दी जाए।
समिति अध्यक्ष ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि जनभावनाओं, प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप किया जाए, ताकि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की अपूरणीय क्षति न हो।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
