9 से 15 सितंबर तक जेसीआई कोरबा सेंट्रल के विविध आयोजन,युवा नेतृत्व से पर्यावरण संरक्षण और बिजनेस नेटवर्किंग तक होंगे कार्यक्रम
कोरबा। युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में पहल करने के उद्देश्य से जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा 9 से 15 सितंबर तक जेसीआई वीक का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष जेसीआई वीक की थीम “77 इयर्स ऑफ लीडरशिप-7 डेज ऑफ एम्पावर” रखी गई है। सात दिनों में अलग-अलग थीम पर आधारित गतिविधियों के माध्यम से युवाओं, व्यवसायियों, परिवारों और आम नागरिकों को जोड़ा जाएगा।
जेसीआई यानी जूनियर चैंबर इंटरनेशनल 18 से 40 वर्ष की आयु के सक्रिय युवाओं का वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन है।
इसका उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराकर उनके कौशल और क्षमताओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाना है। जेसीआई का नेटवर्क 115 से अधिक देशों में सक्रिय है।
पहले भी किए कई उल्लेखनीय आयोजन
जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा सामाजिक और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। संगठन ने 170 विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ शतरंज प्रतियोगिता, 100 से अधिक व्यवसायियों एवं उद्यमियों के लिए एआई और बिजनेस के व्यावहारिक उपयोग पर प्रशिक्षण, सात दिवसीय स्पीचक्राफ्ट-पब्लिक स्पीकिंग ट्रेनिंग, बच्चों के लिए पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम और कम्युनिटी काइट फेस्टिवल जैसे आयोजन किए हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के उद्देश्य से प्रतिभागियों को सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
सात दिन, सात थीम
पहला दिन सर्रेनवल सिपिंग डे:
“प्लास्टिक हटाओ, स्टील अपनाओ” संदेश के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प के रूप में स्टील की बोतलों और अन्य टिकाऊ विकल्पों को अपनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्टील बोतल वितरण, जनजागरूकता और जनसंपर्क गतिविधियां होंगी।
दूसरा दिन यूथ लीडरशिप एंड वॉइस डे:
अंतरमहाविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता, यूथ पार्लियामेंट, सीपीआर प्रशिक्षण, वर्क-लाइफ बैलेंस और पर्सनल ब्रांडिंग जैसे कार्यक्रम होंगे। इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और संवाद कौशल विकसित करना है।
तीसरा दिन ह्यूमन ड्यूटीज एंड डिजिटल आउटरिच डे:
मानव कर्तव्यों और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ डिजिटल माध्यमों से सकारात्मक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
चौथा दिन बिजनेस एंड नेटवर्क ग्रोथ डे:
बिजनेस कम्युनिटी और जेसीआई सदस्यों के बीच नेटवर्किंग एवं कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए जे-कॉम ऑपरेशन और नेटवर्किंग मीट आयोजित की जाएगी।
पांचवां दिन मेंबरशिप एक्सपेंशन डे:
युवाओं को जेसीआई के उद्देश्य और गतिविधियों से जोड़ने के लिए इनवाइट, मेंबर स्पॉटलाइट और वेलकम न्यू मेंबर्स जैसी गतिविधियां होंगी।
छठा दिन फैमिली बॉन्डिंग डे:
“मजबूत परिवार, मजबूत समाज” के संदेश के साथ फैमिली टाइम, फैमिली एक्टिविटीज और एक्सप्रेस एक्टिविटीज के माध्यम से पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत किया जाएगा।
सातवां दिन ग्रैंड फिनाले: ऑनरिंग हीरोज एंड साइलेंट स्टार्स डे:
समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ऐसे लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जिनकी सेवाएं अक्सर लोगों की नजरों से दूर रहती हैं। साइलेंट स्टार्स सम्मान और ग्रैंड सेलिब्रेशन के साथ जेसीआई वीक का समापन होगा।
सात दिन का आयोजन, लंबे बदलाव का संकल्प
जेसीआई कोरबा सेंट्रल का उद्देश्य केवल एक सप्ताह तक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में ऐसे सकारात्मक बदलाव की शुरुआत करना है, जिसका प्रभाव लंबे समय तक बना रहे। संगठन ने शहर के युवाओं, व्यवसायियों, सामाजिक संगठनों, परिवारों, मीडिया और आम नागरिकों से जेसीआई वीक के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















