बेटी के जन्म की खुशी मातम में बदली,तालाब में मिली पिता की लाश

तालाब किनारे मिली बाइक से हुई मृतक की पहचान, हादसा या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर स्थित नौकोनिया तालाब में मंगलवार सुबह एक युवक की तैरती हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले राहगीरों ने तालाब में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल के पास ही एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की।

सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 34 वर्षीय संजय कुमार श्याम, निवासी ग्राम लिटियाखार, वर्तमान निवासी हरदीबाजार के रूप में हुई है।

पत्नी अस्पताल में भर्ती, ऑपरेशन की थी चिंता
बताया जा रहा है कि संजय ने अपनी पत्नी को प्रसव के लिए पाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने प्रसव के लिए ऑपरेशन की बात कही थी, जिसके चलते वह आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के लिए आवश्यक पैसों की व्यवस्था भी कर ली गई थी।

इसी बीच संजय की पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया। घर में नन्ही बेटी के आगमन से खुशियां थीं, लेकिन इसी दौरान नौकोनिया तालाब में संजय की लाश मिलने की खबर ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

घटनास्थल के पास संजय की मोटरसाइकिल मिली है।

पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि संजय तालाब की ओर किसी काम से गया होगा और इस दौरान हादसा हुआ हो सकता है।

वहीं उसके तनाव में होने के कारण आत्महत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

हालांकि इन दोनों में से किसी भी संभावना की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।