कोरबा सहित छह जिलों में 16 ठिकानों पर तलाशी; कटघोरा से नगर सैनिक को टीम अपने साथ ले गई, कथित वित्तीय लेन-देन की भूमिका जांच के दायरे में
कोरबा। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने 30 अक्टूबर को शराब, कोल लेवी और मेडिकल घोटालों से जुड़े मामलों में प्रदेश के छह जिलों के 16 ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान कोरबा जिले के कटघोरा में नगर पालिका अध्यक्ष के अलावा नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी जांच की गई। तलाशी के बाद EOW की टीम दिलीप केंवट को अपने साथ ले गई।
उसके निवास से कुछ दस्तावेज भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
कटघोरा में हुई इस कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चा रही। नगर सैनिक दिलीप केंवट की भूमिका को लेकर भी कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि, EOW की ओर से उसकी भूमिका, पूछताछ के कारणों और जब्त दस्तावेजों के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।
DMF से जुड़े लेन-देन की आशंका, जांच जारी
सूत्रों के हवाले से चर्चा है कि मामला जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि से पंचायतों में कंबल वितरण से जुड़े कथित लेन-देन से संबंधित हो सकता है। बताया जा रहा है कि तत्कालीन सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग के कार्यकाल में एक फर्म के माध्यम से पंचायतों में करोड़ों रुपये के कंबल वितरित किए गए थे। इस प्रक्रिया में तत्कालीन विधायक की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
अपुष्ट जानकारी के अनुसार, दिलीप केंवट कटघोरा एसडीएम कार्यालय में नगर सैनिक के पद पर कार्यरत है और वाहन चालक की जिम्मेदारी भी निभाता रहा है। कथित तौर पर कुछ बैंक खातों के माध्यम से बड़े लेन-देन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और EOW ने भी अब तक इस संबंध में आधिकारिक विवरण साझा नहीं किया है।
दिलीप केंवट को टीम अपने साथ क्यों ले गई, उससे किस मामले में पूछताछ की जा रही है और उसके ठिकाने से मिले दस्तावेजों में क्या जानकारी है, इन सवालों का जवाब जांच एजेंसी की आधिकारिक जानकारी के बाद ही स्पष्ट होगा।
छह जिलों में 16 स्थानों पर तलाशी
EOW द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 अक्टूबर को तीन अलग-अलग मामलों में तलाशी की कार्रवाई की गई।
शराब घोटाला: अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत रायपुर और राजनांदगांव जिलों के छह स्थानों पर तलाशी ली गई।
कोल लेवी घोटाला: अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जिलों के छह स्थानों पर कार्रवाई की गई।
मेडिकल घोटाला: अपराध क्रमांक 05/2025 के तहत रायपुर और गरियाबंद जिलों के चार स्थानों पर तलाशी ली गई।
ब्यूरो के मुताबिक,तलाशी के दौरान वित्तीय अनियमितताओं, संदिग्ध लेन-देन और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े अभिलेख, संपत्तियों की रजिस्ट्री के दस्तावेज, डिजिटल उपकरण तथा अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। इनका परीक्षण और विश्लेषण किया जा रहा है। एजेंसी ने कहा है कि प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कटघोरा में नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर हुई कार्रवाई और उसे पूछताछ के लिए साथ ले जाने को लेकर स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है। अब जांच एजेंसी की अगली आधिकारिक जानकारी पर नजर रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
