सत्यापित सदस्यता के आधार पर ही होगी यूनियन शुल्क की कटौती

एक से अधिक यूनियन को अधिकार पत्र देने पर नहीं कटेगा शुल्क, एसईसीएल कुसमुंडा ने जारी किया संशोधित आदेश

कोरबा। एसईसीएल के कुसमुंडा क्षेत्र एवं परियोजनाओं में कर्मचारियों से यूनियन सदस्यता शुल्क की कटौती अब सत्यापन के आधार पर की जाएगी। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि किसी कर्मचारी से एक से अधिक यूनियन की सदस्यता का शुल्क नहीं काटा जाएगा। सदस्यता को लेकर विवाद या अनियमितता की स्थिति में भी शुल्क कटौती नहीं की जाएगी।

प्रबंधन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार को-ऑपरेटिव ट्रेड यूनियन्स सहित अन्य पंजीकृत श्रम संघों द्वारा शुल्क कटौती के लिए प्रस्तुत अधिकार पत्र के मामलों में एकल सदस्यता को ही मान्य माना जाएगा। यदि किसी कर्मचारी ने किसी एक यूनियन के पक्ष में एकल अधिकार पत्र प्रस्तुत किया है, तो उसी यूनियन के पक्ष में सदस्यता शुल्क की कटौती की जाएगी।

वहीं जिन कर्मचारियों के नाम को लेकर किसी यूनियन द्वारा आपत्ति या विवाद दर्ज कराया गया है, ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारी का सदस्यता शुल्क नहीं काटा जाएगा।

इसी तरह यदि किसी कर्मचारी ने एक से अधिक यूनियन के पक्ष में अधिकार पत्र प्रस्तुत किया है, तो ऐसी स्थिति में भी शुल्क कटौती नहीं होगी।

संशोधित आदेश से कर्मियों को राहत
श्रमिक नेता एवं संचालन समिति सदस्य व्हीएम मनोहर ने कहा कि उनके प्रयासों से एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना प्रबंधन द्वारा संशोधित आदेश जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि सदस्यता शुल्क कटौती को लेकर स्पष्ट व्यवस्था होने से कर्मचारियों को राहत मिलेगी और विवाद की स्थिति में पारदर्शिता बनी रहेगी।