18वें पायदान से छलांग लगाकर टॉप-10 में पहुंचा शहर, उद्योग मंत्री देवांगन ने इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया
कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा के नाम पर्यावरण के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण- 2026 में 3 लाख से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में कोरबा ने देशभर में 10वां स्थान हासिल किया है। पिछले सर्वेक्षण में शहर 18वें स्थान पर था। इस तरह कोरबा ने अपनी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार करते हुए टॉप-10 में जगह बनाई है।
इस उपलब्धि पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा के नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कोरबा में वायु प्रदूषण कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ आम नागरिकों की सहभागिता से शहर की आबोहवा को बेहतर बनाने की दिशा में काम हो रहा है।
पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
मंत्री देवांगन ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण को प्राथमिकता दी जा रही है। पर्यावरण संरक्षण के साथ हसदेव नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से आने वाले समय में कोरबा की वायु गुणवत्ता और बेहतर होगी तथा शहर की रैंकिंग में भी सुधार होगा।
सामूहिक प्रयासों का परिणाम
उद्योग मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय और नगर निगम की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में कोरबा का 18वें से 10वें स्थान पर पहुंचना किसी एक संस्था का नहीं, बल्कि शासन, प्रशासन, नगर निगम और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















