मंत्री लखनलाल और महापौर संजू देवी राजपूत ने रखी आधारशिला, सड़कों और नालियों का होगा निर्माण
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन अंतर्गत एसबीएस कॉलोनी और गायत्री नगर क्षेत्र में 91.21 लाख रुपये की लागत से छह विकास कार्य कराए जाएंगे। शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने इन कार्यों का भूमिपूजन किया। स्थानीय नागरिकों की मांग पर स्वीकृत इन कार्यों में सीसी रोड, नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक और कांक्रीटीकरण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सरकार वार्डों और मोहल्लों की छोटी-बड़ी जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है। नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में आंतरिक सड़कों के बेहतर निर्माण और जल निकासी के लिए व्यवस्थित नालियां बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आवागमन सुगम हो और जलभराव की समस्या से राहत मिले।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि जिला खनिज न्यास (DMF) के माध्यम से कोरबा नगर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नगर निगम के सभी 67 वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए काम किया जा रहा है।
इन वार्डों में होंगे विकास कार्य
भूमिपूजन के तहत वार्ड क्रमांक 27, महाराणा प्रताप नगर में शिव मंदिर के सामने 8.45 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड बनाई जाएगी। वार्ड क्रमांक 28 में सामुदायिक भवन ‘अपना घर’ के पीछे 7.80 लाख रुपये से नाली निर्माण और पेवर ब्लॉक का कार्य होगा। इसी वार्ड में कैरियर पब्लिक स्कूल के पास 16.50 लाख रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी।
वार्ड क्रमांक 30, गायत्री नगर में उमा के घर से जीवन यादव के घर तक तथा लाल के घर से संतोषी साहू के घर तक विभिन्न स्थानों पर 23.46 लाख रुपये से नालियों का निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 28 के एसईसीएल क्रमांक-1 अंतर्गत कुआंभट्टा बस्ती में मेहंदीपुर बालाजी हनुमान मंदिर के पास 15 लाख रुपये की लागत से नाली बनाई जाएगी।
वहीं, वार्ड क्रमांक 29 में संतोषी कुटी सहित अन्य स्थानों पर कांक्रीटीकरण, वेद जायसवाल के घर से उमेश साहू के घर तक सीसी रोड निर्माण और नालियों पर कवर लगाने का कार्य 20 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद श्रीमती धनकुमारी गर्ग,श्रीमती वर्षा वैष्णव,श्रीमती सिमरन कौर, मुकुंद कंवर,नारायण कुर्रे,एल्डरमैन श्रीमती वैशाली रत्नपारखी, राजेश राठौर, प्रफुल्ल तिवारी, श्रीमती रुक्मणी नायर, दिनेश वैष्णव, सुशील गर्ग, श्रीमती स्मिता सिंह, आरडी भारद्वाज, श्रीमती राजकुमारी पटेल, दीपक पटेल, राम अवतार पटेल और भुवनेश्वर कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
