कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा ने संपत्ति व अन्य कर का भुगतान नहीं करने के मामले में सख्ती शुरू कर दी है। इस कड़ी में बालको के हाउसिंग बोर्ड कालोनी स्थित अमरदीप ज्वेलर्स को निगम द्वारा सील कर दिया गया है।
नगर पालिक निगम केरबा को सम्पत्तिकर, समेकित कर, भवन, दुकान किराया सहित विभिन्न करों की करोड़ों रूपये की बकाया राशि बकायादारों से प्राप्त करनी है, वर्तमान में 1 लाख रूपये से अधिक की बकाया राशि वाले लगभग 119 बड़े बकायादार तथा 50 हजार रूपये से 1 लाख रूपये के बीच की बकाया राशि के 286 बकायादार हैं, जिन्हें बार-बार नोटिस देने, वारंट जारी किए जाने के बावजूद भी उनके द्वारा करों की बकाया राशि निगम कोष में जमा नहीं कराई जा रही, जिसके परिणाम स्वरूप एक ओर जहॉं बकाया राशि बढ़ती जा रही है, वहीं दूसरी ओर निगम को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है, इससे एक ओर जहॉं नगर विकास के कार्य प्रभावित होते हैं, वहीं दूसरी ओर मूलभूत सुविधाओं की बेहतरी पर भी प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की संभावना बनी रहती है।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम के बड़े बकायादारों से बकाया राजस्व की शत प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने एवं इस हेतु ठोस कार्यवाही किए जाने हेतु टास्क फोर्स (कार्य दल) का गठन किया है, गठित दल में संबंधित जोन के जोन कमिश्नर नोडल अधिकारी होंगे, वहीं राजस्व अधिकारी अनिरूद्ध प्रताप सिंह को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है, तथा सदस्य के रूप में अतिक्रमण शाखा प्रभारी व निगम के 7 जोन के जोन उप प्रभारी एवं संबंधित वार्डो के वार्ड प्रभारी कार्य दल में शामिल किए गए हैं।
कार्य दल का गठन करते हुए आयुक्त ने दल को निर्देशित किया है कि वह बड़े बकायादारों को चिन्हांकित कर नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के प्रावधानों के तहत संबंधित बड़े बकायादारों की वारंट किए गए सम्पत्तियों को सील बंद किए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे तथा की गई कार्यवाही की दैनिक रिपोर्ट समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
