गरिमा के विपरीत काम करने वालों की भाजपा में जगह नहीं : शर्मा

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने तिलक भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि पार्टी हमेशा जांच-परख के बाद ही नए सदस्यों को शामिल करती है। संगठन में अनुशासन सर्वोपरी है और जो भी पार्टी की गरिमा के विपरीत कार्य करेगा, उस पर कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही कर रही है।


मंगलवार को श्री शर्मा ने यह बात कही और बताया कि भाजपा ने नगर निगम कोरबा, नगर पालिका दीपिका, नगर पालिका बाकी मोगरा, नगर पंचायत पाली, नगर पंचायत छुरी में जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक पकड़ को मजबूत किया है, साथ ही साथ उन्होंने कहा कि कोरबा जिले के पांच जनपद कोरबा, करतला, पाली, कटघोरा एवं पोड़ी-उपरोड़ा में भी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के पद पर निर्वाचित हुए हैं। जिला पंचायत कोरबा के भी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।

उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूत रणनीति का परिणाम है। यह जीत जनता के विश्वास और भाजपा की विकासोन्मुखी नीतियों का प्रमाण है। उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी और आगे भी जनसेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।

भाजपा की इस बंपर जीत का श्रेय किसे देने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत संगठन की मेहनत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जनहितकारी नीतियों का परिणाम है।