खंभा गाड़ने को लेकर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

घर में घुसकर डंडे से मारपीट का आरोप, बीच-बचाव करने वालों पर भी हमला; दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप

कोरबा। ग्राम गुरसियां में निजी जमीन पर खंभा गाड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद और हाथापाई हुई।

एक पक्ष ने घर में घुसकर डंडे से मारपीट करने तथा बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और धमकी देने की शिकायत पुलिस से की है। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खंभा लगाने को लेकर बढ़ा विवाद
ग्राम गुरसियां निवासी शिवा जायसवाल ने पुलिस को बताया कि 4 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे वह घर के पीछे तार-जाली लगाने के लिए मजदूरों के साथ लकड़ी के खंभे लगा रहा था। इसी दौरान भोला गोस्वामी, संतोष पुरी गोस्वामी, युवराज पुरी, विक्की गोस्वामी, संतराम, रामराज, लक्ष्मी बाई, चंदा बाई, बहोरन सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और जमीन पर खंभा लगाने को लेकर आपत्ति जताई।

शिवा के मुताबिक उसने अपनी जमीन पर खंभा लगाने की बात कही। इसी बात को लेकर गाली-गलौच शुरू हो गई। वह विवाद से बचने के लिए घर के अंदर चला गया, लेकिन शिकायत के अनुसार कुछ लोग डंडा लेकर घर में घुस गए और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की। हमले में उसके बाएं आंख के पास और गाल में चोट आने की बात कही गई है।

बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों से भी मारपीट का आरोप
शिवा ने आरोप लगाया कि मारपीट देखकर दुकान का कर्मचारी त्रिज्या कुमार सोनी बीच-बचाव करने पहुंचा, तो विक्की गोस्वामी ने उसे नारियल से मारा, जिससे उसकी दाहिनी आंख में चोट लगी। शिवा की पत्नी रीना जायसवाल और मां सुमन जायसवाल के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप है।

इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे राहुल बघेल से भी गाली-गलौच और मारपीट की गई, जिससे उसके बाएं हाथ की हथेली में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।

शिवा की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 191(2), 296, 333 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

दूसरे पक्ष ने कहा- स्टे के बावजूद हो रहा था निर्माण
इधर दूसरे पक्ष से लक्ष्मी ने भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका कहना है कि शिवा जायसवाल के घर के पीछे उसकी जमीन है, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। लक्ष्मी के मुताबिक उसे सूचना मिली कि विवादित जमीन पर शिवा बाउंड्री का निर्माण कर रहा है। इसके बाद वह भोला गोस्वामी, विक्की गोस्वामी, रामराज, संत सिंह, चंदा बाई, संतोष पुरी सहित अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंची।

लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि उसने शिवा को विवादित जमीन पर न्यायालय से स्टे होने की बात कहते हुए निर्माण रोकने को कहा। आरोप है कि इसके बाद शिवा जायसवाल, रीना जायसवाल और राहुल बघेल ने एक राय होकर गाली-गलौच शुरू कर दी।

विरोध करने पर तीनों ने हाथ-मुक्के से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में उसके सिर और बाएं हाथ में चोट लगने की बात कही गई है।

लक्ष्मी की रिपोर्ट पर पुलिस ने शिवा जायसवाल, रीना जायसवाल और राहुल बघेल के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की विवेचना कर रही है। जमीन से जुड़े विवाद के साथ मारपीट की घटना को लेकर पुलिस घटनास्थल, संबंधित पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।