कलेक्टर ने ब्लैक स्पॉट पर प्रकाश व्यवस्था, रोड मार्किंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के दिए निर्देश; एसपी बोले- ओवरस्पीड और नशे में ड्राइविंग पर होगी सख्ती
कोरबा। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में बढ़ते सड़क हादसों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख सड़कों पर हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए गए।
घाट और ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत होंगे
कलेक्टर दुदावत ने कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट, तीव्र मोड़, घाट क्षेत्रों और अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा उपायों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई को घाट क्षेत्रों में पूरे हिस्से में क्रैश बैरियर लगाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र करने कहा।
इसके अलावा चिन्हांकित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर और स्पीडोमीटर लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सड़क की संरचनात्मक सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर रोड मार्किंग, कर्व वाले क्षेत्रों में कैटआई, क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और डेलिनेटर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
हादसे में घायलों को समय पर उपचार पर जोर
कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाएं। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए पीएम राहत योजना के तहत प्रकरण दर्ज कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों में घायलों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों और अन्य प्रमुख स्थानों पर बैनर-पोस्टर के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राहवीर योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया, ताकि दुर्घटना के समय घायल व्यक्तियों की तत्काल मदद के लिए लोग आगे आएं।
ओवरस्पीड और नशे में ड्राइविंग पर सख्ती
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने ओवरस्पीड और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन संचालित करने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर विशेष निगरानी रखने के साथ जागरूकता और कार्रवाई का अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में वनमंडलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















