महापौर ने संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का किया उद्घाटन

जनस्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी, हम सबका नैतिक दायित्व : महापौर

कोरबा। आमजनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुगम रूप से उपलब्ध हो, शासन प्रशासन की सभी स्वास्थपरक योजनाओं का उन्हें समुचित लाभ मिले, उनके इलाज व बीमारियों की जांच पर अनावश्यक व्यय न हों, समय पर उनका इलाज हो, यह हम सबका नैतिक दायित्व है।


उक्त बातें महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर कहीं। विश्व क्षय दिवस पर निगम के नेहरू सभागार में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत नगरीय जनप्रतिनिधिगणों, जनसेवकों की लोकस्वास्थ्य सेवाओं में भागीदारी को उत्कृष्टता प्रदान करने हेतु संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं नगर पालिक निगम कोरबा के सौजन्य से आयोजित उक्त कार्यशाला का उद्घाटन महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने किया।

इस अवसर पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतनसिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी, दीपका नगर पालिका के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित निगम के मेयर इन काउंसिल सदस्य व पार्षदगण उपस्थित थे।


अच्छा स्वास्थ्य सबसे बड़ा धन : आयुक्त
कार्यशाला को संबोधित करते हुए आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि मनुष्य का बेहतर स्वास्थ्य हो, शरीर स्वस्थ हो, यह सबसे बड़ा धन है, एक स्वस्थ शरीर धारण करने वाला मनुष्य ही अपने सभी दायित्वों का सफल निर्वाह कर सकता है, बीमारियॉं हमें कब ग्रसित कर लें, यह बताना संभव नहीं है, अत: हमें सदैव सजग एवं सतर्क रहना होगा।

सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कोरोना महामारी से एक बड़ी लड़ाई लड़ी है तथा उस पर विजय पाई है, हम आगे भी किन्हीं भी परिस्थितियों से लडेंगे, जनस्वास्थ्य से जुड़़ी सेवाओं की उत्कृष्टता पर कार्य करेंगे, निश्चित रूप से आमजनता को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, यह हम सबका परम दायित्व होना चाहिए।

पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी हेतु लगातार कार्य हो रहे हैं तथा इसमें शासन प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है।