कोरबा में खुलेंगे रेडक्रॉस जन औषधि केंद्र, मिलेंगी सस्ती दवाएं

कोरबा। रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएन केशरी ने जिला रेडक्रास सोसायटी की प्रबंध समिति की बैठक बुलाई।

बैठक में पदाधिकारियों और सदस्यों ने कई प्रस्ताव रखे और अहम फैसले लिए। कटघोरा, जमनीपाली, निहारिका, कोरकोमा, कतला, उरगा, भैसमा और दर्री में रेडक्रास जन औषधि केंद्र खोलने का प्रस्ताव रखा गया। इन इलाकों के लोगों को सस्ती दरों पर जरूरी दवाएं मिलेंगी।


प्रस्ताव में कहा गया कि दुकान के लिए जगह और फार्मासिस्ट की व्यवस्था संचालक खुद करेंगे। रेडक्रॉस सोसायटी इन दुकानों की निगरानी करेगा। डॉ. केशरी ने कहा कि अन्य क्षेत्रों में भी कोई जन औषधि केंद्र खोलना चाहता है, तो प्रस्ताव भेज सकता है। उन्होंने सदस्यता अभियान और आय-व्यय पर चर्चा की। सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर विचार हुआ। रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल ने ज्यादा से ज्यादा सदस्य जोडऩे की बात कही।


बैठक में तय हुआ कि जूनियर और यूथ रेडक्रॉस सोसायटी का जिला और राज्य अंशदान नियमित भेजा जाएगा। इनके अलग-अलग रजिस्टर संधारित होंगे। रेडक्रॉस दवा दुकानों का बकाया दिसंबर 2025 तक जमा करना होगा।

दवा दुकानों का फिर से टेंडर होगा। ब्लड बैंक में लैंडलाइन फोन लगेगा। रेडक्रास सोसायटी का भवन बनेगा। 8 मार्च को महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, राजेश बगडिय़ा, योगेश जैन, पारस जैन, नितिन विजय चतुर्वेदी, विनोद कुमार सिंह, अमित अग्रवाल, लक्ष्मीशंकर सिंह, अखिलेश दत्त अग्रवाल, कन्हैया सिंह मौजूद रहे।