जल्द लॉन्च होगा नया शैक्षणिक प्लेटफार्म : आनंद

कहा- सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने करना होगा समन्वित प्रयास

कोरबा। अब समय आ गया है कि अधिक से अधिक छात्रों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध तकनीक को अपनाया जाए। सुपर-30 ने मुझे गरीबों की बढ़ती आकांक्षाओं को समझने में मदद की और जो छात्र पास हुए उनमें से कई ने शिक्षा की शक्ति के कारण पीढ़ीगत बदलाव के बारे में उज्ज्वल प्रदर्शन किया। शिक्षा को हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए जल्द ही एक नया ऑनलाइन शैक्षणिक प्लेटफार्म लॉन्च किया जाएगा, जो उनकी अग्रणी सुपर-30 पहल का एक विस्तारित संस्करण होगा।


यह बात बुधवार को न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे सुपर-30 के संस्थापक व पद्मश्री आनंद कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा का स्तर सुधारने प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है।

इसके लिए सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को भी समय समय पर अनुभवी शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित किए जाने की योजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा के लिए यहां के बच्चों को भी जोडऩे की कवायद को लेकर रायपुर डीएम (कलेक्टर) के साथ साथ प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी से उनकी चर्चा हुई है। इस दिशा में सभी के प्रयास से जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।

सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे अपने स्कूल में बच्चों को आज की आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ सकें। कुमार ने कहा कि हर वंचित छात्र शिक्षित हो इससे उनका सपना पूरा होगा। सबसे गरीब व्यक्ति भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का हकदार है।

अब समय आ गया है कि क्षेत्र की परवाह किए बिना गरीबों से जुडऩे के लिए तकनीक भी मौजूद है। प्रौद्योगिकी का सबसे अच्छा उपयोग यह सुनिश्चित करना होगा कि अवसर वंचितों तक पहुंचें।

उन्होंने व्यवसायिक शिक्षा का विरोध किया। निजी स्कूलों की तरह सरकारी स्कूलों को भी आगे करने के पक्षधर कुमार ने कहा कि यह सोच समाज के लोगों में, हम और आप में होगी तभी सफल हो पाएंगे।