विधानसभा में गूंजा वन विभाग के अंतर्गत हुए निर्माण कार्यों का मुद्दा

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने दागा सवाल, वन मंत्री ने दिया जवाब

कोरबा। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र जारी है। दूसरे दिन की कार्रवाई में प्रश्नकाल के दौरान कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कटघोरा वन मंडल में वन विभाग से अंतर्गत कार्यों की स्वीकृति की जानकारी मांगी।

विधायक ने पूछा कि कटघोरा वन मंडल अंतर्गत वन विभाग के द्वारा वर्ष 2023-24 व वर्ष 2024- 25 में कितने कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। कौन से विभाग को निर्माण एजेंसी बनाया गया, कितना निर्माण कार्य अपूर्ण हैं।

जिसका जवाब वनमंत्री केदार कश्यप ने देते हुए जानकारी दी कि कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत विभाग के द्वारा 2023-24 व वर्ष 2024-25 में 5346 कार्य स्वीकृत हुए हैं। जिनमें से 3019 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 2327 कार्य प्रगतिरत है। कोई भी कार्य अपूर्ण नहीं है। प्रश्नांकित अवधि में वन विभाग द्वारा ही कार्य एजेंसी के रूप में समस्त कार्य किया गया है।

इसके अलावा विधायक पटेल ने सवाल किया कि कटघोरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़ापार विकासखंड पाली का हाईस्कूल भवन बनकर तैयार है। हाई स्कूल की स्वीकृति नहीं हुई है। यदि हां तो कब तक होगी, जिसका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ग्राम पंचायत मुड़ापार हाई स्कूल भवन बनकर तैयार नहीं है।

भवन निर्माणाधीन है। हाईस्कूल की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। समय सीमा बताया जाना संभव नहीं है।