स्लम बस्तियों में आयुक्त ने लिया सफाई कार्यों का जायजा

कोरबा। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज स्वच्छता महाअभियान के तहत निगम द्वारा चलाई जा रही मेगा स्वच्छता ड्राईव के दौरान स्लम बस्ती मोतीसागरपारा की दर्जनों सकरी गलियों का पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई कार्यो का जायजा लिया।

स्लम बस्ती के लोगों से निगम के साफ-सफाई कार्ये की जानकारी ली तथा सडक़, नाली व सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न डालने का उनसे आग्रह किया, निगम के साफ-सफाई कार्यो व शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग देने की अपील की।

अभियान के दूसरे चरण के दूसरे दिन आज कोरबा पुराने शहर के मोतीसागरपारा वार्ड एवं दर्री जोनांतर्गत जेलगांव वार्ड में मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित की गई तथा वृहद स्तर पर एक अभियान के रूप में साफ-सफाई के कार्य, नालियों की सतह से सफाई, सडक़ किनारे की बर्म झाडिय़ों की सफाई, कचरे का त्वरित उठाव सहित अन्य विभिन्न कार्य एक अभियान के रूप में किए गए।

आयुक्त ने उक्त दोनों वार्डो में पहुंचकर किए जा रहे साफ-सफाई कार्यो का जायजा लिया, मोतीसागरपारा स्लम बस्ती की दर्जनों सकरी गलियों में पैदल भ्रमण करते हुए सफाई कार्यो का निरीक्षण किया, बस्तीवासियों से वहॉं की समस्याओं की जानकारी ली।