कोरबा। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ ने विद्युत कंपनी के अध्यक्ष से बिजली कर्मचारियों का लंबित पदोन्नति आदेश शीघ्र जारी करने की मांग की है।
अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा है कि महासंघ द्वारा पत्र के माध्यम से पावर कंपनी में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पदोन्नति आदेश एक साथ जारी करने कहा गया था, पर कंपनी प्रबंधन द्वारा केवल अधिकारियों का ही पदोन्नति आदेश जारी किया गया, अभी तक कर्मचारियों के पदोन्नति संबंधी कोई आदेश जारी नहीं हो सका है, इससे कर्मचारियों में असंतोष का वातावरण निर्मित है।
महासंघ के महामंत्री नवरतन बरेठ ने बताया कि कंपनी प्रबंधन एवं महासंघ के पदाधिकारियों की द्विपक्षीय बैठक हुई थी। इसमें कर्मचारियों की पदोन्नति सहित अन्य मांगो पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। तत्पश्चात् उपमहाप्रबंधक औद्योगिक संबंध, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा बताया गया कि तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की पदोन्नति की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
इसके लिए विद्युत कंपनी द्वारा एक समय-सीमा निर्धारित की गयी है, परंतु क्षेत्रीय कार्यालयों को पदोन्नति पैनल रिव्यु करने संबंधी कार्यशाला और उचित मार्गदर्शन प्राप्त नहीं होने से विलंब होने की संभावना बन गई है।
महासंघ की मांग है कि अधिकारियों के पदोन्नति आदेश जारी करने से पहले सभी श्रेणी के कर्मचारियों की पदोन्नति आदेश जारी किया जाए, ताकि विद्युत कंपनी में शांतिपूर्ण वातावरण निर्मित हो सके। अन्यथा महासंघ पुन: आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















