जहरीले टमाटर की चटनी खाने से महिला की मौत

कोरबा। जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। चूहों से परेशान एक व्यक्ति ने टमाटर में चूहामार दवा डाली, जिसे उसकी पत्नी ने अनजाने में चटनी बनाकर खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के बिंजरा गांव की है।


जानकारी के अनुसार कार्तिक राम की 25 वर्षीय पत्नी बसंती ने दोपहर में टमाटर की चटनी खाई। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगडऩे लगी और उल्टी-दस्त शुरू हो गए।

जब कार्तिक मजदूरी से घर लौटा, तो पता चला कि उसकी पत्नी ने वही टमाटर खा लिया था, जिसमें उसने चूहे मारने के लिए इंजेक्शन से जहरीली दवा डाली थी। चटनी खाने के बाद बसंती की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तुरंत जिला मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच संबंधित थाने को भेजी जाएगी। कार्तिक राम ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह खाना खाकर मजदूरी करने गया था।

उसी दौरान उसे फोन पर सूचना मिली कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब है और वह उल्टी-दस्त कर रही है। जब वह घर पहुंचा, तो उसे बताया गया कि कुछ समय पहले ही बसंती ने टमाटर की चटनी बनाई थी, और उसी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी।


पुलिस से पूछताछ में कार्तिक ने बताया कि उसने टमाटर में चूहे मारने वाली दवा इंजेक्शन के जरिए डाली थी ताकि चूहे मर जाएं, और गलती से वह दवा डाले हुए टमाटर को नीचे गिरा हुआ समझकर ऊपर टोकरी में रख दिया था। बाद में बसंती गांव से जंगल में पत्तियां तोडऩे गई और लौटने के बाद उसने वह टमाटर की चटनी बनाई और खा ली।

इसके बाद उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ी और उसे जिला मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।