रेलवे स्टेशन के सेकेंड एंट्री में पार्किंग सुविधा शुरू

कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाई गई सेकेंड एंट्री में वाहन पार्किंग की सुविधा शुरू की गई है। पार्किंग शुरू होने से अब यात्रियों को अपने वाहनों को पार्क करने के साथ ही वाहनों की सुरक्षा की चिंता नहीं रहेगी।

पहले सेकेंड एंट्री में वाहन स्टैण्ड नहीं होने से सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं की रहती थी। ऐसे में अक्सर यहां पार्क किए गए वाहनों के साथ छेड़छाड़ की जाती रहती थी लेकिन अब पार्किंग सुविधा मिल जाने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।

रेलवे की स्टेशन की सेकेंड एंट्री 1 जून 2016 में यात्रियों को समर्पित किया गया था। उद्घाटन के समय अनारक्षित टिकट कार्यालय, पीने के पानी की सुविधा व शौचालय की भी व्यवस्था की गई थी लेकिन आज ये सुविधाएं उपयोग लायक नहीं रह गई है।

वाहन स्टैंड नहीं होने से इस रास्ते आने वाले यात्रियों को अपने वाहन असुरक्षित तरीके से छोडऩा पड़ता था लेकिन अब वाहन पार्किंग के लिए स्टैंड की सुविधा मिलने से अब लोगों को राहत मिलेगी।