प्रकाश पर्व के पूर्व निकली नगर कीर्तन शोभायात्रा

कोरबा। सिख समाज के लोगों में गुरु गोविंद सिंह की 358वीं जयंती को लेकर उत्साह है। जयंती उत्सव 6 जनवरी को प्रकाश पर्व के रूप में टीपी नगर स्थित गुरुद्वारा में मनाई जाएगी।

इससे पूर्व शनिवार की शाम नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। वाहन सजे दीवान व गुरु ग्रंथ साहिब के साथ नगर कीर्तन में शामिल महिला, पुरुष, युवक-युवतियां उत्साह के साथ चल रहे थे। नगर कीर्तन में सिख युवाओं ने जहां जगह-जगह हैरत अंगेज कारनामे का प्रदर्शन करते रहे वहीं युवक-युवतियां सिख समाज का प्रतीक ध्वज लिए अगुवाई कर रही थीं।

इस दौरान गुरु गोविंद सिंह की तस्वीर के साथ ट्रैक्टर रैली का भी प्रदर्शन किया गया। नगर कीर्तन शोभायात्रा पुरानी बस्ती इतवारी बाजार स्थित गुरुद्वारा से शुरू होकर, पॉवर हॉउस रोड होते हुए टीपी नगर चौक से इंदिरा स्टेडियम के समीप स्थित गुरुद्वारा पहुंचकर पूर्ण हुई।

जहां 6 जनवरी को रागी जत्था द्वारा शब्द कीर्तन किया जाएगा। दीवान सजाया जाएगा। दोपहर में अटूट लंगर का आयोजन होगा।