12.40 लाख का कबाड़ पकड़ाया, 7 आरोपी गए जेल
कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में संचालित अवैध गतिविधियों पर लगातार ताबड़-तोड़ कार्यवाही की जा रही है। कप्तान की सख्ती बढऩे और इनपुट मिलने पर उनके निर्देश के परिपालन में थाना कटघोरा व दर्री की संयुक्त टीम ने कबाड़ चोरों पर बड़ी कार्यवाही की है। दर्री सीएसपी विमल पाठक के नेतृत्व में कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी की संयुक्त टीम ने सुतर्रा, कटघोरा व दर्री में अवैध कबाड़ का व्यापार कर रहे कबाडिय़ों के यहां छापामार कार्यवाही की।
सुतर्रा से ढेलवाडीह मार्ग पर स्थित दीपक कुमार साहू के दुकान से बड़ी मात्रा में अवैध कबाड़ की जप्ती कार्यवाही की गई। एक ट्रक कीमत 7 लाख, उसमें लदा 4 क्विंटल लोहे का कबाड़ कीमत 80 हजार बरामद किया गया है।
यह लोहा रामकुमार कश्यप व दीपक कुमार साहू ने एसईसीएल यार्ड ढेलवाडीह से चोरी किये थे। प्रकरण में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 518/2024 धारा 305 ए, 331(4), 3(5), बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसी तरह कटघोरा के कारखाना एरिया में स्थित विजय अग्रवाल उर्फ बंटी के गोदाम में छापामार कार्यवाही करते हुए लगभग 206 किलो सिल्वर, 250 किलो लोहा कीमती 2.50 लाख है जो रितेश श्रीवास उर्फ जीवा एवं रविन्द्र पटेल ने चोरी कर विजय अग्रवाल उर्फ बंटी बेचा था, जप्त किया गया।
प्रकरण में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 521/2024 धारा 331(4), 3(5) 305 ए, बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वहीं दर्री में थाना के पीछे संचालित सत्येंद्र साहू के कबाड़ दुकान में कार्यवाही करते हुए कॉपर केबल वायर जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 10 हजार होना पाया गया, जिसे शम्भू कुर्रे ने बीसीपीपी प्लांट दर्री से चोरी कर सत्येंद्र साहू को बेचा था।
प्रकरण में थाना दर्री में अपराध क्रमांक 339/2024 धारा 305, 331(4), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
कोरबा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही से अवैध कबाड़ में संलिप्त लोगों में हडक़म्प मच गया है। पुलिस ने सभी 7 आरोपियों रितेश श्रीवास उर्फ जीवा पिता बजरंग 24 वर्ष कसनिया कटघोरा, रविन्द्र पटेल पिता संतलाल 22 वर्ष लखनपुर, विजय कुमार अग्रवाल उर्फ बंटी पिता रमेश कुमार अग्रवाल 42 वर्ष निवासी कारखाना एरिया कटघोरा, दीपक कुमार साहू पिता शिवनारायण साहू 23 वर्ष राजीव नगर कटघोरा, रामकुमार कश्यप पिता लखनराम 40 वर्ष आछीदादर कटघोरा, सत्येंद्र साहू पिता विजय साहू 23 वर्ष छुरी कटघोरा, शम्भू कुर्रे पिता जन्नू कुर्रे 25 वर्ष दर्री थाना के पीछे को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















