0 कोरबा-रायगढ़ में चोरी की वारदातों का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
0 ‘कौवा’ मास्टर चाबी से करता था बाइक ऑन, गौरव ले जाता था वाहन
कोरबा। जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुड़ापार निवासी गौरव नायक (20) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर कोरबा और रायगढ़ जिले से चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
सुनसान स्थानों पर खड़ी बाइक रहती थी निशाने पर
पुलिस के अनुसार पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में आरोपी गौरव नायक ने अपने साथी कौवा उर्फ फैजान के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया है। दोनों ऐसे स्थानों की तलाश करते थे, जहां लोग अपनी बाइक सुनसान जगह पर खड़ी कर चले जाते थे।
मौका मिलते ही बाइक का हैंडल लॉक तोड़ दिया जाता था। इसके बाद कौवा उर्फ फैजान मास्टर चाबी की मदद से बाइक को ऑन करता था और दोनों चोरी की मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो जाते थे।
कोरबा और रायगढ़ से 5 बाइक बरामद
पुलिस की कार्रवाई में कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। इनमें एक बाइक मानिकपुर क्षेत्र, दो कोतवाली कोरबा क्षेत्र, एक उरगा क्षेत्र तथा एक मोटरसाइकिल कोतवाली रायगढ़ क्षेत्र से चोरी की गई थी।
इस तरह पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।
साथी पहले से जेल में बंद
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल कौवा उर्फ फैजान वर्तमान में एक अन्य मारपीट के मामले में जिला जेल कोरबा में निरुद्ध है। उसके खिलाफ भी इस प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी गौरव नायक को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब उससे चोरी की अन्य घटनाओं, संभावित साथियों और चोरी की संपत्ति के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में विवेचना जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















