यात्री प्रतीक्षालय में पानी की किल्लत, शौचालय की जलापूर्ति दो दिन से बंद

15 दिन से बंद पड़ा शुद्ध पेयजल केंद्र, यात्रियों को हो रही परेशानी

कोरबा/कटघोरा। नगर पालिका परिषद कटघोरा के यात्री प्रतीक्षालय में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक शौचालय में पिछले दो दिनों से जलापूर्ति बंद है, जबकि यात्री प्रतीक्षालय में स्थापित शुद्ध पेयजल केंद्र करीब 15 दिनों से बंद पड़ा है। ऐसे में यात्रियों को शौचालय के उपयोग से लेकर पीने के पानी तक के लिए भटकना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार 16 अगस्त की शाम करीब 4 बजे के बाद से शौचालय में पानी की आपूर्ति बंद है। पानी नहीं होने के कारण शौचालय का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कत हो रही है।

यात्रियों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें बाहर से पानी की बोतल खरीदकर शौचालय ले जाना पड़ रहा है। यात्रियों के मुताबिक बोतल में पानी लेकर जाने पर केयरटेकर सुधीर द्वारा उन्हें इसका उपयोग करने से रोका जाता है। इससे पहले से बनी परेशानी और बढ़ जाती है।

15 दिन से बंद है वाटर सेंटर
यात्री प्रतीक्षालय में स्थापित शुद्ध पेयजल केंद्र भी करीब 15 दिनों से बंद बताया जा रहा है। आसपास के दुकानदारों के अनुसार वाटर सेंटर में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके चलते बस और अन्य साधनों से आने-जाने वाले यात्रियों को पीने के पानी के लिए आसपास की दुकानों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

कटघोरा का यात्री प्रतीक्षालय प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों के उपयोग में आता है। ऐसे सार्वजनिक स्थल पर शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का लंबे समय तक प्रभावित रहना नगर पालिका की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल और शौचालय यात्रियों के लिए कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि आवश्यक बुनियादी जरूरत है।

यात्रियों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से शौचालय में तत्काल जलापूर्ति बहाल करने, बंद पड़े शुद्ध पेयजल केंद्र को शुरू कराने तथा सार्वजनिक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि यात्रियों को पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े।